बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

प्रभारी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके की उपस्थिति में करदा में संपन्न हुआ जन विश्वास शिविर

ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ निराकरण, हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ एवं स्वीकृति पत्र

मुख्यमंत्री जन विश्वास एवं सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित शिविर में ग्रामीणों को मिली विभिन्न सेवाओं का लाभ

सिंगरौली, 3 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री जन विश्वास एवं सेवा सेतु अभियान के तहत देवसर जनपद की ग्राम पंचायत करदा में जिला स्तरीय जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री एवं सिंगरौली जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके उपस्थित रहीं। उन्होंने विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए तथा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने लगभग 25 वर्षों से सरकार के प्रमुख के रूप में देश और जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ उन्होंने गरीब, किसान, महिला और युवा सहित समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और शासन को जनसेवा का माध्यम बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी सेवा और जनकल्याण की भावना के अनुरूप मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार भी गांव-गांव तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। जन विश्वास शिविर इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें प्रशासन स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का निराकरण कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को समय-सीमा में लाभ दिलाया जाए। ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित किया जाए।


शिविर में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत ग्राम कुदवार निवासी मोतीलाल सिंह एवं गुलबिया बैगा तथा ग्राम परसोहर निवासी जगत सिंह गौंड एवं श्रीमती जयमनिया केवट को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना से लाभान्वित किया गया। स्वास्थ्य सुरक्षा के उद्देश्य से ग्राम करदा निवासी वंश बहादुर सिंह एवं शिवनारायण सिंह के आयुष्मान कार्ड स्वीकृत किए गए। मुख्यमंत्री जन कल्याण (संबल) योजना के तहत ग्राम धौहनी निवासी तेजभान सिंह को उनकी पत्नी अन्ती सिंह की मृत्यु पर ₹4 लाख तथा ग्राम कुदवार निवासी बिहारी बैगा को उनकी पत्नी लल्ली बैगा की मृत्यु पर ₹2 लाख की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई। वहीं, प्राकृतिक आपदा राहत के अंतर्गत ग्राम करदा निवासी चित्रसेन सिंह गौंड को सर्पदंश की घटना में ₹4 लाख की राहत राशि प्रदान की गई। उक्त सभी हितलाभ प्रभारी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके द्वारा हितग्राहियों को प्रदान किए गए।

शिविर में ग्रामीणों द्वारा पेंशन, राशन कार्ड, सीमांकन, पट्टा, आवास एवं अन्य शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। अनेक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों को दर्ज कर संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शिविर के दौरान आयोजित स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। प्रभारी मंत्री श्रीमती उईके ने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण कर मरीजों से चर्चा की और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। शिविर में धौहनी विधायक श्री कुँवर सिंह टेकाम, कलेक्टर श्री गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक श्री सियाज के.एम., सीईओ जिला पंचायत श्री संघप्रिय जनपद अध्यक्ष प्रणव पाठक, एसडीएम सुशीर श्रीकृष्ण श्रीराम, सहित सभी विभागों के जिलाधिकारी एवं कर्मचारी, खण्ड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button