देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

वृंदावन में दर्दनाक हादसा, जहरीली गैस की चपेट में आए 4 छात्रों की मौत

 

मथुरा/वृंदावन। उत्तर प्रदेश के वृंदावन के चैतन्य विहार क्षेत्र स्थित आवासीय संस्कृत गुरुकुल में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। करीब 12 से 14 फीट गहरे भूमिगत पानी के टैंक की सफाई के दौरान संदिग्ध जहरीली गैस की चपेट में आने से चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक छात्र को गंभीर हालत में बचा लिया गया। मृतक छात्रों की उम्र 17 से 20 वर्ष के बीच बताई गई है।

बताया गया कि टैंक में पानी की तेज दुर्गंध आने के बाद छात्रों ने सबमर्सिबल पंप से पानी बाहर निकाला। इसके बाद टैंक में जमा कीचड़ और पानी साफ करने के लिए एक छात्र नीचे उतरा। वहां जहरीली गैस की चपेट में आने से वह बेहोश हो गया। उसे बचाने के प्रयास में चार अन्य छात्र भी एक-एक कर टैंक में उतर गए और गैस की चपेट में आकर अचेत हो गए। आशंका जताई जा रही है कि टैंक में मीथेन या हाइड्रोजन सल्फाइड जैसी जहरीली गैस जमा थी।

हादसे की जानकारी मिलने पर गुरुकुल स्टाफ और आसपास के लोगों ने काफी मशक्कत के बाद पांचों छात्रों को टैंक से बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने चार छात्रों को मृत घोषित कर दिया। पांचवें छात्र रुद्र को प्राथमिक उपचार के बाद होश आ गया। बेहतर उपचार और निगरानी के लिए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मृत छात्रों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं और उनके परिजनों को सूचना दी गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सीपी सिंह ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। जांच में गुरुकुल की मान्यता, सुरक्षा व्यवस्था और छात्रों से टैंक की सफाई कराने की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जाएगी। फॉरेंसिक टीम ने टैंक से गैस और पानी के नमूने लिए हैं तथा परिसर की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए घायल छात्र को बेहतर और नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराने तथा घटना की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं।

Author

Related Articles

Back to top button