बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़सिंगरौली

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह करीब 5 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से देवरिया जा रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कार में सवार तीन लोगों के टेनिस खिलाड़ी होने की जानकारी सामने आई है।

बताया गया कि कार में छह लोग सवार थे और सभी लखनऊ में टेनिस मैच खेलने के बाद देवरिया लौट रहे थे। कार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। हादसे के समय सभी यात्री थकान के कारण सो रहे थे। इसी दौरान कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई।

हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षाकर्मी और पुलिस मौके पर पहुंचे। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। घायल आनंद यादव, जयंतो शर्मा और राजू को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज, दर्शननगर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घायल जयंतो शर्मा ने पुलिस को बताया कि सभी लोग टेनिस खिलाड़ी हैं और लखनऊ में मैच खेलने के बाद देवरिया लौट रहे थे। मैच के बाद थकान के कारण सफर के दौरान सभी कार में सो गए थे।

हादसे में नित्या प्रजापति, अनिकेत और इरफान अंसारी की मौत हुई है। तीनों शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर माइलस्टोन 97.500 के पास हुआ। दुर्घटना के बाद ट्रक मौके से निकल गया। पुलिस अज्ञात ट्रक की पहचान करने के साथ ही हादसे के कारणों और ट्रक की भूमिका की जांच कर रही है।

Author

Related Articles

Back to top button