बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

ग्वालियर में आवारा कुत्ते ने पांच साल के बच्चे के चेहरे को नोंचा, 20 टांके लगे

 

ग्वालियर। बहोड़ापुर के इस्लामपुरा क्षेत्र में आवारा कुत्ते के हमले में पांच साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घर के पास किराने की दुकान से सामान लेने निकले बच्चे अली पर कुत्ते ने हमला कर दिया और उसके चेहरे पर गहरा घाव कर दिया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां करीब एक घंटे चली सर्जरी के बाद चेहरे पर 20 टांके लगाए गए।

परिजनों के अनुसार, बच्चा दुकान से सामान लेकर लौट रहा था, तभी अचानक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह कुत्ते को भगाकर बच्चे को बचाया। हमले में उसके गाल पर गंभीर चोट आई थी।

अस्पताल के पीडियाट्रिक्स सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. दिलीप गर्ग के मुताबिक, बच्चे को अस्पताल पहुंचने के बाद संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए एंटीबायोटिक उपचार दिया गया। घाव गहरा होने के कारण सर्जरी की गई और करीब एक घंटे की प्रक्रिया में 20 टांके लगाए गए। सर्जरी के बाद बच्चे की हालत स्थिर बताई गई है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

इधर, शहर में कुत्तों के काटने के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को हजार बिस्तर अस्पताल की पीएसएम विभाग की ओपीडी में डॉग बाइट के 80 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें 23 नए और 57 पुराने मरीज शामिल थे।

अली के परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी देने के बावजूद हमलावर कुत्ते को अब तक नहीं पकड़ा गया है। उनका कहना है कि जिस इलाके में बच्चे पर हमला हुआ, वहां आवारा कुत्तों पर तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए। स्थानीय लोगों ने भी कुत्तों की बढ़ती संख्या को लेकर चिंता जताई है।

घटना ने एक बार फिर शहर में आवारा कुत्तों की समस्या और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी और कुत्तों के नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।

Author

Related Articles

Back to top button