जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के लिए अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण

सिंगरौली। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना कार्य के सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनरों ने गणना प्रक्रिया, अधिकारियों के दायित्व, पर्यवेक्षण और मॉनिटरिंग की जानकारी दी।
अधिकारियों को जनगणना प्रबंधन की तकनीकी प्रणाली, मोबाइल एप्लीकेशन, डाटा गुणवत्ता, प्रगति की निगरानी और रिपोर्टिंग प्रक्रिया से अवगत कराया गया। साथ ही जनगणना सामग्री के प्रबंधन तथा मैदानी स्तर पर कार्य की निगरानी के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए।
जनसंख्या गणना का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार फरवरी 2027 में किया जाना है। प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर अमित सिंह बम्हरौलिया, एसडीएम सुरेश जाधव, डिप्टी कलेक्टर सौरभ मिश्रा सहित जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।












