सड़क सुरक्षा अभियान में 158 दोपहिया चालकों को बांटे हेलमेट

सिंगरौली। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन ने पुलिस विभाग के सहयोग से सरई तहसील के आमडांड और भल्याटोला गांव में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। धिरौली एवं सुलियरी परियोजना के आसपास आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को यातायात नियमों, सुरक्षित वाहन संचालन और हेलमेट के नियमित उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस एवं अदाणी फाउंडेशन की टीम ने निर्धारित गति सीमा का पालन करने, शराब के नशे में वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की। इस दौरान पात्र ग्रामीणों को 158 निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए।
कार्यक्रम में लांघाडोल एवं सरई पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी तथा अदाणी समूह की सुरक्षा टीम मौजूद रही। ग्रामीणों ने स्वयं हेलमेट पहनने और अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।












