बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सेवा ज्योति यात्रा के साथ मनाया मोदी के जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष का पड़ाव

भाजपा कार्यकर्ताओं ने निकाली बाइक रैली, रामलीला मैदान में सुना प्रधानमंत्री का संबोधन

बैढ़न। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर भारत के प्रधानमंत्री तक जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला सिंगरौली द्वारा बुधवार को सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल हुए।

कार्यक्रम के पूर्व जिले के विभिन्न मंडलों से भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकाली। अलग-अलग मार्गों से होते हुए रैलियां रामलीला मैदान बैढ़न पहुंचीं। यहां आयोजित कार्यक्रम में संभागीय संगठन प्रभारी विजय दुबे, जिला संगठन प्रभारी विनोद यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह, विधायक रामनिवास शाह, विधायक राजेंद्र मेश्राम और कार्यक्रम प्रभारी संतोष वर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

रामलीला मैदान में देखा प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन

रामलीला मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल्ली से आयोजित कार्यक्रम का वर्चुअल लाइव प्रसारण किया गया। इस दौरान जिले के जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आमजन के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि जनसेवा के क्षेत्र में 25 वर्ष का यह पड़ाव आएगा। उन्होंने इस उपलब्धि को देश की जनता के निरंतर आशीर्वाद का परिणाम बताते हुए 140 करोड़ देशवासियों का अभिनंदन किया।

प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि देशवासियों के सहयोग से यह लक्ष्य पूरा किया जाएगा। उन्होंने राष्ट्रहित में समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक भारतीय का प्रण होना चाहिए—‘जिएंगे तो देश के लिए।’ संबोधन के अंत में उन्होंने ‘विकसित भारत @2047… वी विल डू इट’ का संकल्प भी दिलाया।

तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हुई सेवा ज्योति मशाल

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद रामलीला मैदान से सेवा ज्योति मशाल जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना की गई। संबंधित विधायकों के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मशाल को आमजन के साथ अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचाया।

सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा एवं सुशासन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में सीडा अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय, पूर्व विधायक रामलल्लू वैश्य, सुभाष वर्मा, पूर्व महापौर प्रेमवती खैरवार, पूर्व सीडा अध्यक्ष गिरीश द्विवेदी, दिलीप शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह सहित भाजपा के जिला, मंडल एवं मोर्चा पदाधिकारी, बूथ स्तर के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Author

Related Articles

Back to top button