मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत 9 अक्टूबर को तियरा में आयोजित होगा शिविर

सिंगरौली, / मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जिले में नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहजता और सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आगामी 9 अक्टूबर 2026 को जनपद पंचायत बैढ़न की ग्राम पंचायत तियरा में मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर आयोजित किया जाएगा।शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान करने के साथ नागरिकों की समस्याओं एवं आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शिविर में उपस्थित रहकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देंगे तथा पात्र हितग्राहियों से संबंधित प्रकरणों का मौके पर निराकरण सुनिश्चित करेंगे।
कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि लंबित शिकायतों एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में संचालित शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकानों, आंगनवाड़ी केन्द्रों, स्वास्थ्य केन्द्रों एवं विद्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी लेने तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। जिला प्रशासन ने ग्राम पंचायत तियरा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में उपस्थित होकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करें तथा अपनी समस्याओं एवं आवेदनों का निराकरण कराएं।












