माड़ा के सुलवारी में नया ट्रांसफार्मर लगने से ग्रामीणों को मिली राहत

सिंगरौली। माड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत माड़ा के सुलवारी गांव में ट्रांसफार्मर जल जाने से पिछले कुछ समय से ग्रामीणों और किसानों को बिजली संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। समस्या की जानकारी मिलने के बाद जनपद पंचायत सदस्य रणधीर सिंह ने ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने के लिए पहल की।
बताया गया कि रणधीर सिंह अपने साथियों सोनू तिवारी, अनिल सिंह, अंजनी और बुधन लाल के साथ जिला मुख्यालय बैढ़न पहुंचे और ट्रांसफार्मर लेकर सुलवारी पहुंचे। इसके बाद बिजली विभाग के माड़ा क्षेत्र के जेई रामअवतार दुबे एवं कर्मचारियों तथा ग्रामीणों के सहयोग से देर रात ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया।
रात करीब 12 बजे ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई। बिजली चालू होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने से किसानों सहित अन्य लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। बिजली आपूर्ति बहाल होने से गांव में खुशी का माहौल है।ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने और विद्युत आपूर्ति बहाल कराने में सहयोग करने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया।













