नवरात्रि को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ने दिए सुरक्षा के निर्देश
अपराध समीक्षा बैठक में पूजा समितियों से समन्वय, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी के निर्देश

सिंगरौली। आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व को लेकर पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने रुस्तमजी कॉन्फ्रेंस हॉल में अपराध समीक्षा एवं कानून-व्यवस्था की बैठक ली। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा सहित जिले के राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी मौजूद रहे।
एसपी ने थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित कर दुर्गा पूजा समितियों और डीजे संचालकों से समन्वय बनाने के निर्देश दिए। पूजा पंडालों में महिला सुरक्षा, सीसीटीवी, अग्निशमन, विद्युत सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग और सुरक्षित विसर्जन स्थल का पालन कराने तथा गहरे पानी, विद्युत तारों एवं अन्य संभावित जोखिमों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
अपराध समीक्षा में मादक पदार्थों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान पर जोर दिया गया। एसपी ने नए आपराधिक कानूनों के तहत समय-सीमा में विवेचना पूरी करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।













