स्थानांतरण पर डीएसपी राकेश साहू और अर्चना द्विवेदी को दी गई विदाई
एसपी षियाज के.एम. और एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा ने पुष्पगुच्छ व स्मृति चिह्न भेंटकर किया सम्मान

सिंगरौली। जिला पुलिस सिंगरौली में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक राकेश साहू एवं अर्चना द्विवेदी के स्थानांतरण के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में दोनों अधिकारियों के सेवाकाल के दौरान किए गए कार्यों और योगदान को याद करते हुए उन्हें आगामी पदस्थापना के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा ने दोनों अधिकारियों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान अधिकारियों ने राकेश साहू एवं अर्चना द्विवेदी की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और कार्यकुशलता की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक ने दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य तथा आगामी दायित्वों के सफल निर्वहन की कामना की। उन्होंने कहा कि सेवाकाल के दौरान अधिकारियों द्वारा किए गए कार्य पुलिस विभाग की जिम्मेदारियों के निर्वहन में महत्वपूर्ण रहे हैं।
विदाई समारोह में जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने दोनों अधिकारियों के प्रति आत्मीयता व्यक्त करते हुए उनके आगामी सेवाकाल में सफलता और निरंतर प्रगति की शुभकामनाएं दीं।













