जिला स्तरीय मुस्लिम एकता सम्मेलन 10 अक्टूबर को
अटल सामुदायिक भवन बिलौंजी में होगा आयोजन, भोपाल विधायक आरिफ मसूद होंगे मुख्य अतिथि

वैढ़न। जिला स्तरीय मुस्लिम एकता सम्मेलन का आयोजन 10 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक अटल सामुदायिक भवन बिलौंजी, वैढ़न में किया जाएगा। सदर जामा मस्जिद वैढ़न मोहम्मद शाहनवाज खान ने विज्ञप्ति जारी कर कार्यक्रम की जानकारी दी।
सम्मेलन में भोपाल मध्य के विधायक एवं ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य आरिफ मसूद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में जिले में मुस्लिम समाज को एकजुट करने, सामाजिक बुराइयों पर रोक लगाने, शिक्षा को प्राथमिकता देने और तकनीकी कौशल विकास के साथ समाज के हित में आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। चितरंगी, सरई, देवसर, सिंगरौली सहित वैढ़न एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के युवाओं और बुजुर्गों को सम्मेलन में आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम से पहले मुख्य अतिथि आरिफ मसूद सुबह करीब 10 बजे होटल राज कमल के कॉन्फ्रेंस हॉल में पत्रकार वार्ता में शामिल होंगे। इसके बाद वे कांग्रेसजनों से सौहार्द भेंट कर अटल सामुदायिक भवन के लिए रवाना होंगे। सम्मेलन के बाद उनका सड़क मार्ग से सीधी और रीवा में प्रस्तावित कार्यक्रमों के लिए प्रस्थान करने का कार्यक्रम है।
आयोजकों के मुताबिक आरिफ मसूद का आगमन 10 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े सात बजे धनबाद एक्सप्रेस से बरगवां रेलवे स्टेशन पर होगा, जहां स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहेंगे। इसके बाद वे होटल राज कमल, वैढ़न पहुंचेंगे।
आयोजकों ने सिंगरौली जिले एवं आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले मुस्लिम समाज के युवाओं और बुजुर्गों से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।













