मध्य प्रदेशसिंगरौली

रिहंद डैम में डूबे युवक का शव बरामद, रील बनाते समय हुआ हादसा

सिंगरौली। जिले के रिहंद डैम में डूबे 18 वर्षीय युवक संतोष कुमार शाह का शव मंगलवार को बरामद कर लिया गया। युवक सोमवार दोपहर नाव से गिरकर लापता हो गया था। एसडीआरएफ की टीम ने करीब 22 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शव को डैम से बाहर निकाला।

नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक सोशल मीडिया के लिए रील बना रहा था। वह अपने दोस्तों के साथ डैम घूमने आया था और स्थानीय मछुआरों की नाव में सवार होकर पानी के बीच पहुंच गया था। इसी दौरान चलती नाव में खड़े होकर मोबाइल से वीडियो बनाते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में गिरकर डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने सोमवार से ही तलाश अभियान शुरू कर दिया था। डैम के गहरे पानी और व्यापक फैलाव के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। वहीं पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया के लिए वीडियो या रील बनाते समय जोखिम भरे स्टंट करने से बचें, क्योंकि ऐसी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

Author

Related Articles

Back to top button