बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

उज्जैन: पैरोल पर आए आसाराम की तबीयत बिगड़ी, सीने में तेज दर्द के बाद आश्रम में इलाज शुरू

उज्जैन:नाबालिग से यौन शोषण के मामले में जोधपुर जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम की शुक्रवार को उज्जैन प्रवास के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। मंगलनाथ मार्ग स्थित आश्रम में ठहरने के दौरान उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद डॉक्टरों की टीम ने आश्रम में ही उनका प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया। उनके अस्वस्थ होने की खबर मिलते ही आश्रम के बाहर समर्थकों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया।

स्वास्थ्य कारणों से मिली पैरोल के तहत आसाराम बुधवार को उज्जैन पहुंचे थे। वे शासकीय धनवंतरी आयुर्वेदिक चिकित्सालय के विशेषज्ञों की देखरेख में पंचकर्म थैरेपी करा रहे थे। बुधवार और गुरुवार को निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद, शुक्रवार को सीने में दर्द की वजह से पंचकर्म नहीं हो सका।

पंचकर्म विशेषज्ञ डॉ. नृपेंद्र मिश्रा के अनुसार, आसाराम लंबे समय से सिरदर्द और कमर दर्द से पीड़ित हैं, जिसके लिए उन्हें 14 दिनों के पंचकर्म उपचार की सलाह दी गई थी। उनका यह प्रवास 25 अक्टूबर (शरद पूर्णिमा) तक प्रस्तावित है। अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सीने में दर्द की शिकायत की आधिकारिक जानकारी अभी उन तक नहीं पहुंची है। गौरतलब है कि जोधपुर और गांधीनगर की अदालतों से दो गंभीर मामलों में उम्रकैद की सजा पाने के बाद आसाराम जोधपुर जेल में निरुद्ध हैं और स्वास्थ्य आधार पर समय-समय पर पैरोल पर बाहर आते रहे हैं।

Author

Related Articles

Back to top button