रीवा कमिश्नर ने कन्या शिक्षा परिसर का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
छात्राओं की कम उपस्थिति पर कमिश्नर ने जताई नाराजगी, शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश

सिंगरौली,। नगर परिषद बरगवां में आयोजित जन विश्वास शिविर में शामिल होने आए रीवा संभाग के कमिश्नर श्री शीलेन्द्र सिंह ने कन्या शिक्षा परिसर का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं छात्रावास संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परिसर में संचालित कक्षाओं, स्मार्ट क्लास तथा छात्राओं के उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया और आवश्यक निर्देश दिए।कमिश्नर ने छात्रावास में सौर ऊर्जा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अक्षय ऊर्जा अधिकारी से समन्वय स्थापित कर सोलर पैनल लगवाने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए, ताकि छात्राओं की पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा न आए। इसके साथ ही पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जल निगम के साथ समन्वय स्थापित कर पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। छात्राओं की कम उपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए उपस्थिति में सुधार लाने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने कन्या शिक्षा परिसर में संचालित नीट एवं पीजी प्रवेश परीक्षाओं की कोचिंग कक्षाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने कोचिंग कक्षाओं में छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्राएं कोचिंग के माध्यम से बेहतर तैयारी कर आईआईटी एवं एम्स जैसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में प्रवेश प्राप्त करें और अपने जिले का नाम रोशन करें। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि विद्यालय की छात्र छात्राओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों का भ्रमण कराया जाए, ताकि छात्राएं मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों से संवाद कर उनसे प्रेरणा प्राप्त कर सकें तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित हों। उन्होंने छात्रावास में स्थापित टेलीस्कोप का भी अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों को खगोलीय जानकारियों से अवगत कराने के लिए टेलीस्कोप के माध्यम से नियमित अवलोकन सत्र आयोजित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने शौचालयों की नियमित एवं समुचित साफ-सफाई के लिए वॉश ऑन व्हील के माध्यम से सफाई कराने तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इस दौरान प्रभारी कलेक्टर श्री संघप्रिय, एसडीएम देवसर श्री सुशील श्रीकृष्ण श्रीराम, सीईओ जनपद पंचायत देवसर श्रीमती सौम्या मिश्रा तथा उप संचालक श्रीमती रेखा पंचाल उपस्थित रहीं।













