बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कमिश्नर ने आंगनवाड़ी केंद्र बैरानियां का किया निरीक्षण: अभिलेखों में खामी व बच्चों की कम उपस्थिति पर जताई नाराजगी

सिंगरौली:नगर परिषद बरगवां में आयोजित ‘जन विश्वास अभियान’ शिविर में पहुंचे रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह एवं प्रभारी कलेक्टर संघप्रिय ने ग्राम बैरानियां स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र में अभिलेखों के अव्यवस्थित संधारण और बच्चों की कम उपस्थिति पर कमिश्नर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की।

कमिश्नर ने केंद्र की उपस्थिति पंजी, हाइट-वेट पंजी, दवाइयों की उपलब्धता पंजी और टीएचआर (टेक होम राशन) वितरण पंजी का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। पंजियों में कमियां मिलने पर उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यतन व व्यवस्थित रखने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि टीएचआर प्राप्ति की तिथि अनिवार्य रूप से दर्ज हो और पोषण आहार की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सीडीपीओ एवं सुपरवाइजर को टूर रजिस्टर तैयार कर नियमित फील्ड विजिट करने तथा केंद्र में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित रखने को कहा। इसके अतिरिक्त, बच्चों के पोषण स्तर को सुधारने के लिए पोषण वाटिका विकसित कर उसमें मुनगा, पपीता, केला, बैंगन और मिर्च जैसी पौष्टिक सब्जियां व फलदार पौधे लगाने के निर्देश दिए।

कमिश्नर ने मौके पर मौजूद अभिभावकों से संवाद करते हुए कहा कि बच्चों के शुरुआती वर्ष उनके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए वे बच्चों को नियमित रूप से आंगनवाड़ी केंद्र अवश्य भेजें। निरीक्षण के दौरान देवसर एसडीएम सुशीर श्रीकृष्ण श्रीराम, जनपद पंचायत सीईओ सौम्या मिश्रा तथा सीडीपीओ आर.पी. सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button