बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कमिश्नर रीवा ने उप स्वास्थ्य केंद्र बरगवां का किया निरीक्षण

मलेरिया एवं डेंगू जैसी बीमारियों की नियमित सैंपलिंग करने के दिए निर्देश

सिंगरौली। जन विश्वास शिविर में शामिल होने बरगवां पहुंचे रीवा संभाग के कमिश्नर श्री शीलेन्द्र सिंह ने उप स्वास्थ्य केंद्र बरगवां का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रसूति केंद्र, लैब एवं ओपीडी का अवलोकन किया तथा स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। कमिश्नर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि मलेरिया एवं डेंगू जैसी संक्रामक बीमारियों की नियमित सैंपलिंग कर समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित किया जाए। गर्भवती महिलाओं का एएनसी (प्रसवपूर्व जांच) पंजीयन कम पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच की जाए तथा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को चिह्नित कर उनकी सतत निगरानी की जाए, ताकि प्रसव के दौरान मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को शून्य करने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जा सके।

कमिश्नर ने स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा उपचार के लिए आने वाले मरीजों को समय पर उचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ को निर्धारित रोस्टर के अनुसार स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थित रहकर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी कलेक्टर श्री सघप्रिय, एसडीएम देवसर श्री सुशीर श्रीकृष्ण श्रीराम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत देवसर श्रीमती सौम्या मिश्रा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री सुधांशु मिश्रा तथा जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विशेष सिंह उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button