रीवा संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह ने हिंडालको महान प्लांट का किया निरीक्षण, श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
श्रमिकों को नियमानुसार सुविधाएं उपलब्ध कराने और सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने पर दिया जोर

सिंगरौली, । रीवा संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह ने बरगवां स्थित हिंडालको महान प्लांट का निरीक्षण कर औद्योगिक गतिविधियों, श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था एवं उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्लांट में कार्यरत श्रमिकों से संवाद कर सुरक्षा प्रबंधों एवं कार्यस्थल पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। संभागायुक्त ने प्लांट प्रबंधन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिकों को शासन के निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री सिंह ने एल्यूमिनियम प्लांट एवं पावर प्लांट की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने पॉट रूम एवं कास्टिंग रूम में एल्यूमिनियम उत्पादन की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि उत्पादन के प्रत्येक चरण में निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। संवेदनशील कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की सतत निगरानी रखी जाए तथा कार्य की प्रकृति के अनुरूप श्रमिकों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने मशीनों एवं औद्योगिक उपकरणों का नियमित रखरखाव करने और सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता एवं उपयोगिता की समय-समय पर जांच करने के निर्देश भी दिए।
संभागायुक्त ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन गतिविधियों के साथ श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सभी निर्धारित सेफ्टी प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराया जाए।
श्रमिकों को सुरक्षा संबंधी नियमों एवं सावधानियों की नियमित जानकारी देने के साथ कार्यस्थल पर सुरक्षित कार्यप्रणाली अपनाने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने, संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए समय रहते प्रभावी कदम उठाने तथा सुरक्षा संबंधी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
संभागायुक्त श्री सिंह ने प्लांट प्रबंधन को निर्देशित किया कि श्रमिकों के लिए स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी श्रमिक निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करें और उन्हें आवश्यक संरक्षण प्राप्त हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं प्लांट प्रबंधन को श्रमिकों के हितों का ध्यान रखने, कार्यस्थलों पर सुरक्षित वातावरण बनाए रखने तथा शासन के प्रावधानों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।। निरीक्षण के दौरान एसडीएम देवसर श्री सुशीर श्रीकृष्ण श्रीराम, सीईओ जनपद पंचायत देवसर श्रीमती सौम्या मिश्रा तथा सीडीपीओ श्री आर.पी. सिंह उपस्थित रहे।













