बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल एयरपोर्ट रोड पर भीषण हादसा: ब्रिज की दीवार तोड़कर 20 फीट नीचे सर्विस लेन पर गिरा ट्राला, चालक गंभीर

भोपाल: राजधानी के गांधीनगर स्थित एयरपोर्ट रोड पर शुक्रवार सुबह एक अनियंत्रित ट्राला ब्रिज की सीमेंटेड रेलिंग (साइड वॉल) तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे सर्विस लेन पर जा गिरा। हादसे में ट्राला चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दुर्घटना सुबह करीब 7:30 बजे उस समय हुई, जब बायपास की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्राला ब्रिज से उतरते वक्त अनियंत्रित हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ब्रिज की सुरक्षा दीवार टूट गई और वाहन का चेचिस व निचला हिस्सा सीधे नीचे सर्विस लेन पर जा गिरा, जबकि उसका ऊपरी हिस्सा ब्रिज पर ही लटका रह गया।

गनीमत रही कि जिस समय ट्राला नीचे गिरा, सर्विस लेन पर कोई अन्य वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा जानलेवा हादसा टल गया। दुर्घटना के बाद मौके पर जाम की स्थिति बन गई। गांधीनगर थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी के अनुसार, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Author

Related Articles

Back to top button