जियावन पुलिस की कार्रवाई, चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
मंदिर से पीतल का घंटा चोरी करने का आरोप, करीब 11 हजार रुपये का मशरूका बरामद; न्यायालय ने भेजा जेल

सिंगरौली/ जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सक्रिय जियावन पुलिस ने मंदिर से पीतल का घंटा चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया पीतल का घंटा भी बरामद कर जब्त कर लिया है। बरामद घंटा की अनुमानित कीमत करीब 11 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ में सामने आया चोरी का मामला
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंदिर में चोरी की घटना को लेकर शिकायत मिलने पर जियावन पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर मोहम्मद हसनैन, निवासी सुपेला, से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपने साथी पवन साहू, निवासी धनहा, के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी किए गए पीतल के घंटे को कॉलेज के आगे पुल के पास स्थित एक पुराने खंडहरनुमा मकान में छिपाकर रखा था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घंटे को बरामद कर जब्ती की कार्रवाई की।
दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा
पुलिस ने मोहम्मद हसनैन (22 वर्ष), निवासी सुपेला, तथा पवन साहू (30 वर्ष), निवासी धनहा, थाना जियावन, को 27 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय देवसर में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी राजेशचन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में की गई।
इनकी रही सराहनीय भूमिका: थाना प्रभारी राजेशचन्द्र मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक तेजबहादुर सिंह, प्रधान आरक्षक बृजेश सिंह एवं प्रतीक कुमार, आरक्षक प्रभात कुमार दुबे एवं रूपेश अलावा तथा महिला आरक्षक प्रतिमा टोप्पो की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।













