मध्य प्रदेश में अमूल दूध 4 रुपए प्रति लीटर तक महंगा, 12 नवंबर से नई दरें लागू

भोपाल। मध्य प्रदेश में अमूल दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है। नई दरें गुरुवार, 12 नवंबर से लागू हो गई हैं। इसके बाद अमूल गोल्ड का 1 लीटर पैक 70 रुपए से बढ़कर 74 रुपए और अमूल फ्रेश 57 रुपए से बढ़कर 59 रुपए हो गया है। कीमतों में इस बढ़ोतरी का सीधा असर प्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा।
प्रदेश में सांची के बाद अमूल दूध की सबसे अधिक खपत होती है। राज्य में प्रतिदिन साढ़े 4 लाख लीटर से अधिक अमूल दूध की बिक्री होती है। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा इंदौर का है, जहां रोजाना करीब सवा लाख लीटर दूध बिकता है। वहीं भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में प्रतिदिन 50 से 80 हजार लीटर तक अमूल दूध की खपत होती है।
सप्लायर्स को मिली मौखिक सूचना
जानकारी के मुताबिक, अमूल की ओर से कीमतों में बदलाव की सूचना सप्लायर्स को दे दी गई है, हालांकि उन्हें अब तक लिखित आदेश नहीं मिले हैं। सप्लायर हरीश के अनुसार, गुरुवार से भोपाल सहित प्रदेश के अन्य शहरों में नई कीमतों पर दूध की बिक्री शुरू कर दी गई है।
भोपाल में पैक्ड दूध में सांची आगे
भोपाल में पैकेट वाले दूध की तुलना में खुले दूध की खपत अधिक है। शहर में रोजाना 6 से 8 लाख लीटर खुले दूध की बिक्री होती है। पैक्ड दूध के बाजार में सांची की हिस्सेदारी सबसे अधिक है। इसकी औसतन 3 लाख लीटर प्रतिदिन बिक्री होती है, जबकि अमूल की खपत करीब 80 हजार लीटर है।
इसके अलावा सौरभ, श्रीधी और मदर डेयरी के दूध की भी बाजार में हिस्सेदारी है। सौरभ और श्रीधी की संयुक्त दैनिक खपत करीब 1 लाख लीटर है। इनकी सप्लाई भोपाल शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी होती है। मदर डेयरी का दूध मुख्य रूप से शहरी इलाकों में बिकता है।
मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दाम, एमपी में पुरानी दरें
मदर डेयरी ने बुधवार को दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की है, लेकिन मध्य प्रदेश में फिलहाल नई दरें लागू नहीं हुई हैं। प्रदेश में कंपनी की रोजाना सप्लाई करीब डेढ़ लाख लीटर है। इसमें भोपाल की हिस्सेदारी लगभग 25 हजार लीटर है। कंपनी मंडीदीप, इटारसी, नर्मदापुरम, सागर, विदिशा, ललितपुर, हरदा और इंदौर में भी दूध की आपूर्ति करती है। स्थानीय वितरकों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में अभी मदर डेयरी की पुरानी कीमतें ही लागू हैं। यहां कीमतों में बदलाव का फैसला स्थानीय बाजार और दूध संघों की दरों के आधार पर किया जाता है।
दूध की अलग-अलग किस्मों में फैट की मात्रा
फुल क्रीम मिल्क में कम से कम 6 प्रतिशत फैट होता है। यह अन्य किस्मों की तुलना में अधिक गाढ़ा होता है। टोंड मिल्क में करीब 3 प्रतिशत और डबल टोंड मिल्क में लगभग 1.5 प्रतिशत फैट रहता है। वहीं बल्क टोंड मिल्क टोंड दूध का ही प्रकार है, जो मदर डेयरी के वेंडिंग बूथ पर सीधे उपलब्ध कराया जाता है।













