यूपी चुनाव 2027 से पहले चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी ने मिलाया हाथ, ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के नाम से लड़ेंगे चुनाव

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने गठबंधन का ऐलान किया है। दोनों दलों ने अपने गठबंधन को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया है। गुरुवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने इसकी घोषणा की। चंद्रशेखर आजाद गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। मोर्चे ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि मोर्चे का लक्ष्य 2027 में सत्ता परिवर्तन करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए विपक्षी दलों का व्यापक गठबंधन जरूरी था, लेकिन कुछ नेताओं के अहंकार के कारण ऐसा नहीं हो सका। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस से भी सामाजिक परिवर्तन मोर्चे में शामिल होने की अपील की।
वंचित वर्गों को राजनीतिक ताकत देने का दावा
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह केवल तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का मंच है। इसके जरिए वंचित, पीड़ित और शोषित वर्गों को एकजुट कर मजबूत राजनीतिक ताकत खड़ी करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने मौजूदा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मस्जिदों को नुकसान पहुंचाया गया और बहुजन महापुरुषों के नाम पर कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं दी जाती। उन्होंने यह भी कहा कि पिछली सरकारों ने इन वर्गों को मुख्यधारा में लाने के वादे किए, लेकिन उनकी स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं हुआ।
ओवैसी ने भाजपा को रोकने की बात कही
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश में भाजपा को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए राजनीतिक विकल्प के रूप में सामने आएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वंचित वर्गों को अब तक केवल वोटर के रूप में इस्तेमाल किया गया है। ओवैसी ने प्रदेश के युवाओं के सामने बेरोजगारी को बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि मोर्चा जनता के साथ मिलकर इंसाफ की लड़ाई लड़ेगा।
गठबंधन की आगामी रणनीति तय करने के लिए 26 नवंबर को बैठक प्रस्तावित है। इसमें चुनावी तैयारियों और आगे की राजनीतिक दिशा पर चर्चा की जाएगी।
किश्तवाड़ में जवानों की शहादत का मुद्दा भी उठा
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ओवैसी ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के स्वास्थ्य की कामना की। साथ ही उन्होंने भाजपा नेताओं से जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में शहीद हुए 2 जवानों के मुद्दे पर भी बात करने को कहा। इस पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उन्हें किसी को राष्ट्रभक्ति का प्रमाण देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने सरकार से देश और सीमाओं की सुरक्षा को लेकर जवाब मांगा।













