स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में विशाखापत्तनम देश में पहले, जबलपुर दूसरे और लखनऊ तीसरे स्थान पर

जबलपुर/नई दिल्ली। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के नतीजों में मध्य प्रदेश के जबलपुर ने देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है। विशाखापत्तनम पहले और उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ तीसरे स्थान पर रही। बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली में आयोजित समारोह में विजेता शहरों को पुरस्कार प्रदान किए। वहीं, सुपर स्वच्छ लीग में नवी मुंबई ने पहला, सूरत ने दूसरा और आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा ने तीसरा स्थान हासिल किया।
पिछले सर्वेक्षण में सुपर स्वच्छ लीग में इंदौर पहले, सूरत दूसरे और नवी मुंबई तीसरे स्थान पर थे। इस बार इंदौर राष्ट्रीय पुरस्कारों की दौड़ में जगह नहीं बना सका। वहीं, राजस्थान के जयपुर और मध्य प्रदेश के ग्वालियर को अपने-अपने राज्यों में सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार मिला।
अहमदाबाद को मेंटर सिटी श्रेणी में पहला स्थान
मेंटर सिटी श्रेणी में अहमदाबाद ने पहला, इंदौर ने दूसरा और तिरुपति ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। स्वच्छ शहर जोड़ी पहल के तहत साणंद, देपालपुर और कुप्पम को मेंटी सिटी बनाया गया था। इस पहल का उद्देश्य बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों के अनुभव और स्वच्छता के सफल मॉडल दूसरे शहरों के साथ साझा करना है, ताकि उनकी व्यवस्थाओं में सुधार हो सके।
तीन नई पहलों पर रहा विशेष जोर
इस बार सर्वेक्षण में शहरों की भौगोलिक स्थिति और स्थानीय चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए 3 श्रेणियों पर विशेष ध्यान दिया गया। इनमें स्वच्छ शहर जोड़ी के तहत मेंटर और मेंटी शहरों के बीच सहयोग, रिवर टाउन और अर्बन रिवर फ्रंट के तहत नदी किनारे बसे शहरों की स्वच्छता तथा कोस्टल एरिया के लिए समुद्र तटीय शहरों के अलग मूल्यांकन मानक शामिल रहे।
अलग-अलग श्रेणियों में इन शहरों ने मारी बाजी
स्वच्छ तटीय शहरों की श्रेणी में ओडिशा के पुरी, केरल के अलाप्पुझा और महाराष्ट्र के रत्नागिरी ने क्रमशः पहले तीन स्थान हासिल किए। स्वच्छ पर्वतीय शहरों में जम्मू, रुद्रपुर और शोपियां आगे रहे। वहीं, स्वच्छ रिवरफ्रंट शहरों की श्रेणी में मध्य प्रदेश के रीवा ने पहला, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर ने दूसरा और उत्तर प्रदेश के वाराणसी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
भोपाल इस बार राष्ट्रीय पुरस्कारों की दौड़ से बाहर
भोपाल ने लगातार 7 साल के प्रयासों के बाद पिछले स्वच्छता सर्वेक्षण में देश के दूसरे सबसे स्वच्छ शहर का स्थान हासिल किया था। हालांकि, इस बार शहर राष्ट्रीय पुरस्कारों की दौड़ में जगह नहीं बना सका। इसकी एक प्रमुख वजह आदमपुर छावनी में जमा करीब 5 लाख टन पुराने कचरे का निपटान नहीं होना माना जा रहा है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में प्रकरण विचाराधीन है।
जयपुर और उज्जैन को भी मिली उपलब्धि
राजस्थान के जयपुर को राज्य स्तर पर सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार मिला। हालांकि, राज्य का कोई भी शहर इस बार किसी राष्ट्रीय श्रेणी में शीर्ष तीन में जगह नहीं बना सका। वहीं, 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में मध्य प्रदेश के उज्जैन ने पहला और चंडीगढ़ ने दूसरा स्थान हासिल किया। इस श्रेणी में कचरा संग्रहण, गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण, निस्तारण, सार्वजनिक स्थलों की सफाई और नागरिक भागीदारी सहित 43 मानकों पर मूल्यांकन किया गया।
लखनऊ ने तीसरा स्थान बरकरार रखा
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने देशभर में तीसरा स्थान हासिल कर अपनी पिछली रैंकिंग बरकरार रखी। पिछले सर्वेक्षण में 44वें स्थान से सीधे तीसरे स्थान पर पहुंचने वाले लखनऊ ने इस बार भी अपनी स्थिति बनाए रखी। स्वच्छता सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में देश के 4,751 से अधिक शहरों को शामिल किया गया। इनका मूल्यांकन 10 प्रमुख क्षेत्रों और 43 मानकों के आधार पर किया गया।













