बरही अग्निकांड पर जनआक्रोश, 6 कांग्रेस पार्षदों ने कलेक्टर को सौंपा इस्तीफा; प्रशासनिक लापरवाही का लगाया आरोप

कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात हुए भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत के बाद प्रशासन के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है। घटना से आहत नगर परिषद के 6 कांग्रेस पार्षदों ने सामूहिक रूप से कलेक्टर आशीष तिवारी को इस्तीफा सौंप दिया। पार्षदों ने हादसे के लिए प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
6 पार्षदों के नाम, इस्तीफे पर 4 के हस्ताक्षर
इस्तीफा देने वाले पार्षदों में वार्ड क्रमांक 1 की प्रज्ञा अजय वर्मा, वार्ड 4 की शिवकुमारी राजेश वंशकार, वार्ड 5 की नैंसी अमित गुप्ता, वार्ड 9 की अंजू कोल, वार्ड 10 के गोवर्धन बढ़ई और वार्ड 11 की पूजा राधेश्याम ताम्रकार शामिल हैं। हालांकि, कलेक्टर को सौंपे गए इस्तीफे के पत्र पर इनमें से केवल 4 पार्षदों के हस्ताक्षर हैं। हस्ताक्षर करने वालों में प्रज्ञा वर्मा, अंजू कोल, शिवकुमारी वंशकार और गोवर्धन बढ़ई शामिल हैं।
नगर परिषद की व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल
पार्षदों ने अपने त्यागपत्र में कहा कि अग्रवाल परिवार के 6 सदस्यों की मौत की घटना ने उन्हें गहरे शोक और आक्रोश से भर दिया है। इस हादसे ने नगर परिषद की व्यवस्थाओं के साथ संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पार्षदों के मुताबिक, जनभावनाओं और नैतिक जिम्मेदारी को देखते हुए उन्होंने पद छोड़ने का निर्णय लिया है।
उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार पाए जाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर आशीष तिवारी ने पार्षदों को निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कांग्रेस ने भी प्रशासन को घेरा
अग्निकांड को लेकर कांग्रेस ने भी प्रशासन की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई है। मंगलवार को कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष सौरभ सिंह पार्टी पदाधिकारियों के साथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने घटना में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
अब 6 कांग्रेस पार्षदों के इस्तीफे से बरही अग्निकांड का मामला राजनीतिक और प्रशासनिक जवाबदेही के केंद्र में आ गया है।













