बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

बरगी बायीं तट नहर फूटी, खेतों में भरा पानी; कलेक्टर ने बंद कराई सप्लाई

मंगेली-पिपरिया के बीच सुबह 6 बजे क्षतिग्रस्त हुई नहर, भारी वाहनों की आवाजाही पर ग्रामीणों ने जताई आशंका

जबलपुर, 18 नवंबर। मंगेली और पिपरिया गांव के बीच से गुजरने वाली बरगी बायीं तट नहर बुधवार सुबह करीब 6 बजे अचानक क्षतिग्रस्त हो गई। नहर टूटने से हजारों लीटर पानी आसपास के किसानों के खेतों में भर गया। इससे फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों ने नहर क्षतिग्रस्त होने के पीछे भारी वाहनों की आवाजाही को वजह बताया है। उनका आरोप है कि अवैध खनिज परिवहन में लगे डंपरों और अन्य भारी वाहनों के लगातार गुजरने से नहर की दीवार कमजोर हुई और टूट गई।

घटना की जानकारी मिलते ही जबलपुर कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने तत्काल संज्ञान लेकर नहर में पानी की सप्लाई बंद करवा दी। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

नहर टूटने से क्षेत्र के किसानों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी नहर क्षतिग्रस्त होने से लंबे समय तक सिंचाई प्रभावित हुई थी और फसलों को नुकसान उठाना पड़ा था। किसानों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इस बार भी दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो फसलों के नुकसान को लेकर आंदोलन किया जाएगा।

Author

Related Articles

Back to top button