चमोली में 4.1 तीव्रता का भूकंप, सुबह कांपी धरती; मणिपुर में भी झटके
दोनों राज्यों में भूकंप के केंद्र जमीन के भीतर दर्ज, फिलहाल जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं

चमोली, 18 नवंबर। उत्तराखंड के चमोली जिले में बुधवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 मापी गई। झटके सुबह 10 बजकर 21 मिनट 11 सेकंड पर आए। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया।
झटके महसूस होते ही कई लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। अचानक धरती कांपने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। भूकंप का केंद्र 30.380 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 79.581 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया।
उत्तराखंड हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील है। भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों के बीच होने वाली हलचल के चलते इस क्षेत्र में समय-समय पर भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की जाती हैं।
मणिपुर में भी आया भूकंप
चमोली से पहले बुधवार सुबह मणिपुर के इंफाल ईस्ट जिले में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, इसकी तीव्रता 3.0 रही। भूकंप सुबह 7 बजकर 43 मिनट 48 सेकंड पर आया और इसका केंद्र जमीन से करीब 58 किलोमीटर की गहराई में था। दोनों घटनाओं में फिलहाल किसी बड़े नुकसान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।













