बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

सिवनी में एएसपी पर युवक-युवती को झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप, सीसीटीवी फुटेज वायरल

होटल संचालक ने पुलिस अधिकारियों पर हर महीने वसूली मांगने का भी लगाया आरोप, कोतवाली टीआई लाइन अटैच; जांच के आदेश

सिवनी, 18 नवंबर। मध्य प्रदेश के सिवनी में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। होटल संचालक का आरोप है कि होटल में ठहरे युवक-युवती को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। फुटेज में एएसपी के रूप में बताए जा रहे अधिकारी पुलिसकर्मी से युवक के बैग में गांजा रखकर मामला दर्ज करने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। घटना डूंडासिवनी थाना क्षेत्र के बाबरिया रोड स्थित एक होटल की बताई जा रही है।

होटल संचालक संजय सनोडिया के मुताबिक, 13 नवंबर को एक बालिग युवक और युवती होटल में ठहरे थे। सूचना पर एएसपी दीपक मिश्रा पुलिस बल के साथ होटल पहुंचे। संचालक का आरोप है कि युवक-युवती के परिजनों को बुलाने से इनकार करने पर अधिकारी ने पुलिसकर्मी से युवक के बैग में गांजा रखकर केस बनाने की बात कही। संचालक के अनुसार, यह घटनाक्रम साउंड रिकॉर्डिंग वाले सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ।

तीन अधिकारियों पर वसूली के आरोप

होटल संचालक ने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और ट्रैफिक निरीक्षक विजय तिवारी पर होटल संचालन के बदले हर महीने 25-25 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि वह तीनों को 10-10 हजार रुपये दे चुके हैं।

मामले के सामने आने के बाद एसपी कृष्ण लाल चंदानी ने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी को लाइन अटैच कर आरोपों की जांच के आदेश दिए हैं। वायरल फुटेज और लगाए गए आरोपों की आधिकारिक जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।

Author

Related Articles

Back to top button