देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

आजम खान की अंतरिम जमानत के खिलाफ ईडी की याचिका, सुप्रीम कोर्ट में कल सुनवाई

फिलहाल जमानत पर रोक लगाने से अदालत का इनकार, इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश को दी गई है चुनौती

नई दिल्ली, 18 नवंबर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री आजम खान की अंतरिम जमानत के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। एजेंसी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देते हुए तत्काल सुनवाई की मांग की। सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल जमानत पर रोक लगाने से इनकार करते हुए मामले को गुरुवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है।

ईडी की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष मामला रखा। एजेंसी ने गिरफ्तारी के आधार नहीं बताए जाने और दुर्भावना से गिरफ्तारी किए जाने संबंधी हाईकोर्ट की टिप्पणियों को चुनौती दी। इस दौरान जस्टिस जॉयमाल्य बागची ने टिप्पणी की कि आजम खान को अंतरिम जमानत पर रहने दिया जाए। फिलहाल उनकी जमानत बरकरार है।

गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर उठे थे सवाल

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आजम खान को अंतरिम जमानत दी थी। अदालत ने प्रथम दृष्टया माना था कि गिरफ्तारी के दौरान संविधान के अनुच्छेद 22(1) और धन शोधन निवारण अधिनियम की धारा 19 के प्रावधानों का पूरी तरह पालन नहीं किया गया।

जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़ा मामला

ईडी की जांच रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में चल रही है। एजेंसी ने यूनिवर्सिटी की करीब 426.46 करोड़ रुपये की जमीन और इमारतों को अटैच किया है। सुप्रीम कोर्ट में गुरुवार को होने वाली सुनवाई में ईडी की याचिका पर विचार किया जाएगा।

Author

Related Articles

Back to top button