नाइजीरिया में दर्दनाक नाव हादसा, 24 लोगों की मौत; अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे सभी यात्री

नई दिल्ली। दक्षिण नाइजीरिया में एक दर्दनाक नाव हादसे में 24 लोगों की मौत हो गई। नाव में सवार सभी यात्री एक अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहे थे। दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव दल ने पानी से 24 शव बरामद किए हैं। वहीं, कुछ लोगों के लापता होने की आशंका के चलते तलाश अभियान जारी है।
एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, नेशनल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (नेमा) के प्रवक्ता मंजो एजेकिएल ने बताया कि हादसे के बाद अब तक 24 शव निकाले जा चुके हैं। बचाव दल लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है।
सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर चिंता
हादसे के बाद बायलसा राज्य सरकार ने नाव संचालकों और यात्रियों से जल परिवहन के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। राज्य की सूचना आयुक्त एबियुवो कोकू-ओबियाई ने कहा कि नावों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाना, तेज गति से संचालन और लाइफ जैकेट के बिना सफर करना जानलेवा साबित हो सकता है।
राष्ट्रपति ने जताया दुख
नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोग इस तरह मौत के हकदार नहीं थे।
गौरतलब है कि नाइजीरिया में नाव पलटने की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं। निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाना, नावों का उचित रखरखाव नहीं होना और सुरक्षा मानकों की अनदेखी ऐसे हादसों की प्रमुख वजहें मानी जाती हैं। ताजा दुर्घटना ने एक बार फिर देश की जल परिवहन सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।













