देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

कोटा में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 9 लोगों की दर्दनाक मौत, दो मासूम बच्चे भी शामिल

खाटूश्यामजी से दर्शन कर लौट रहे थे महाराष्ट्र के धुले निवासी, सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुसी तेज रफ्तार क्रूजर; परिवार की कई पीढ़ियां एक साथ खत्म

 

कोटा। राजस्थान के कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे-52 पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रही तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। मृतकों में 2 मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें ट्रक चालक भी शामिल है।

 

हादसा रात करीब 1 बजे कोटा के नाता थाना क्षेत्र में शंभूपुरा गांव के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रूजर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों और मृतकों को बाहर निकालकर न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया।

 

36 सदस्य तीन वाहनों से निकले थे धार्मिक यात्रा पर

 

सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम के मुताबिक, क्रूजर में सवार सभी लोग महाराष्ट्र के धुले के रहने वाले थे। परिवार के 36 सदस्य मंगलवार को 3 अलग-अलग वाहनों से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। उन्होंने मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर और उज्जैन में दर्शन किए। इसके बाद राजस्थान के सांवरिया सेठ, अजमेर और पुष्कर होते हुए खाटूश्यामजी पहुंचे थे। वहां दर्शन के बाद वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।

 

पति-पत्नी, भाई-बहू और बच्चों की भी मौत

 

हादसे में सज्जन (62), उनकी पत्नी उषा बाई (60), भाई बाबूलाल (75), बाबूलाल की पत्नी सुशीला (62), सज्जन के बेटे कैलाश (35), बहू अनीता (34), पोती जाह्नवी (7), माधवी (32) और 3 वर्षीय सानवी की मौत हो गई। एक ही परिवार के कई सदस्यों की मौत से खुशियों भरी धार्मिक यात्रा मातम में बदल गई।

 

चालक को झपकी आने की आशंका

 

एसपी तेजस्वनी गौतम ने प्रारंभिक जांच के आधार पर क्रूजर चालक को झपकी आने की आशंका जताई है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा के अनुसार, 8 लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि गंभीर रूप से घायल माधवी की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घायलों का उपचार जारी है। मनीषा की हालत गंभीर होने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।

 

महाराष्ट्र भेजे जाएंगे शव

 

एसडीएम कपिल शर्मा ने बताया कि सभी 9 मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। कोटा प्रशासन की ओर से शवों को महाराष्ट्र के धुले स्थित उनके गृह क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।

 

Author

Related Articles

Back to top button