देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

शादी से लौट रही स्कॉर्पियो ट्रक से टकराई, 4 लोगों की मौत, 6 घायल; मृतकों में 3 युवतियां शामिल

 

पटना। बिहार के पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में रविवार सुबह भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हो गए। हादसा बख्तियारपुर के सबनीमा गांव के पास फोरलेन पर सुबह करीब 5 बजे हुआ। शादी समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो की तेज रफ्तार ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

 

जानकारी के अनुसार, सिकंदरा गांव से बारात बख्तियारपुर आई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद कुछ लोग स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जगन्नाथ पेट्रोल पंप के पास ट्रक ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

 

मृतकों में तीन युवतियां, परिवारों में मातम

 

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान धीरज कुमार (26), पूनम कुमारी (27), बबली कुमारी (18) और रेणु कुमारी (20) के रूप में हुई है। पूनम दूल्हे की चचेरी बहन थी। वह सिकंदरा गांव की रहने वाली थी। उसकी मां ने बताया कि बेटी शादी समारोह में शामिल होने गई थी, लेकिन घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गई।

 

वहीं, धीरज कुमार की मां ने बताया कि उनका बेटा पेशेवर चालक नहीं था और पढ़ाई कर रहा था। उसने हाल ही में 30 हजार रुपये की किताबें मंगाई थीं। शादी में स्कॉर्पियो चलाने के लिए उसे साथ ले जाया गया था। धीरज परिवार का इकलौता बेटा था और बाढ़ के अकबरपुर गांव का निवासी था।

 

पटना रेफर किए गए गंभीर घायल

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एएसआई अंजनी कुमार के अनुसार, स्कॉर्पियो में 10 से 12 लोग सवार थे। तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक घायल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

 

हादसे में घायल 6 लोगों में से कुछ की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। अन्य घायलों का बख्तियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

 

Author

Related Articles

Back to top button