अधिवक्ता से मारपीट और मोबाइल छीनने का आरोप, एफआईआर में देरी पर भड़के वकील; कैंट थाने में प्रदर्शन

जबलपुर। कैंट थाना क्षेत्र में एक अधिवक्ता के साथ पुलिस आरक्षक द्वारा कथित मारपीट और मोबाइल फोन छीनने का मामला गरमा गया है। घटना के चार घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं होने और घायल अधिवक्ता का मेडिकल परीक्षण नहीं कराए जाने से नाराज बड़ी संख्या में वकील कैंट थाने पहुंच गए और प्रदर्शन किया। जिला अधिवक्ता संघ ने चेतावनी दी है कि तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं होने पर थाने में धरना दिया जाएगा। साथ ही न्यायालय परिसर में पुलिस के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग भी की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता देवेंद्र नाथ पंकज ने कैंट थाने में पदस्थ आरक्षक भूपेंद्र पटेल पर अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगाया है। अधिवक्ता के मुताबिक, विवाद के दौरान उन्होंने घटना की रिकॉर्डिंग शुरू की थी। इसके बाद कथित तौर पर आरक्षक ने आगे जाकर उनका वाहन रोक लिया। कार का कांच खोलने के दौरान उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उनकी नाक से खून निकलने लगा। आरोप है कि उन्हें कॉलर पकड़कर वाहन से बाहर निकाला गया और मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।
एफआईआर में देरी पर अधिवक्ता संघ नाराज
घटना की जानकारी मिलने पर जिला अधिवक्ता संघ के सचिव शैलेन्द्र सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता कैंट थाने पहुंचे। सचिव ने आरोप लगाया कि घटना के चार घंटे से अधिक समय गुजरने के बाद भी एफआईआर दर्ज करने के लिए कोई अधिकृत अधिकारी सामने नहीं आया। पुलिस अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं और वरिष्ठ अधिकारियों से निर्देश लेने की बात कहकर कार्रवाई टाल रहे हैं।
अधिवक्ता संघ का आरोप है कि संबंधित आरक्षक अधिवक्ता का मोबाइल लेकर थाने भी नहीं पहुंचा है। पदाधिकारियों ने कहा कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार एफआईआर दर्ज कर घायल अधिवक्ता का तत्काल मेडिकल परीक्षण कराया जाना चाहिए था, लेकिन पुलिस की ओर से कार्रवाई में देरी की जा रही है।
फिलहाल मामले में पुलिस प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।













