खाली ट्रेन के कोच में मिला महिला का शव, दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप; CCTV से पकड़ा गया आरोपी

चेन्नई। तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले के नागरकोइल रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के खाली कोच में महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर 31 वर्षीय आरोपी अय्यप्पन को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी थी।
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे स्टेशन के 13वें यार्ड में खड़ी ट्रेन संख्या 16366 के पिछले कोच में करीब 50 वर्षीय महिला का शव मिला था। शव सीट के नीचे पड़ा था और कई दिन पुराना होने के कारण सड़ने लगा था। शुरुआत में महिला की पहचान और मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी थी।
नागरकोइल ईस्ट के ग्राम प्रशासनिक अधिकारी की शिकायत पर रेलवे पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी।
CCTV फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
इंस्पेक्टर कैथरीन सुजाता के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने स्टेशन के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान 14 नवंबर की फुटेज में सफेद धोती और शर्ट पहने एक व्यक्ति ट्रेन के कोच से उतरता दिखाई दिया। पुलिस ने उसकी पहचान अय्यप्पन के रूप में की, जो सेंबगरामनपुथूर का निवासी है।
पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर की रात करीब 12:30 बजे आरोपी ने प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर घूम रही महिला को देखा और उसे जबरन पकड़कर खाली ट्रेन के कोच में ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
चार दिन बाद मिला था शव
पुलिस के अनुसार, वारदात 14 नवंबर की रात हुई थी, जबकि महिला का शव 18 नवंबर को बरामद हुआ। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल रेलवे पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।













