भारत सैटेलाइट डॉकिंग-अनडॉकिंग क्षमता वाला दुनिया का चौथा देश बना : राजनाथ सिंह

नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत के युवाओं और वैज्ञानिकों की मेहनत के दम पर देश अंतरिक्ष में सैटेलाइट डॉकिंग और अनडॉकिंग की क्षमता हासिल करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है। यह उपलब्धि भारतीय वैज्ञानिकों की प्रतिभा और युवाओं की क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार, शोध और नवाचार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
राजनाथ सिंह रविवार को बाबू बनारसीदास विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम की शुरुआत युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने के उद्देश्य से की गई है। वहीं, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के माध्यम से युवाओं को बड़ी कंपनियों में काम करने का व्यावहारिक अनुभव मिल रहा है। अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन की स्थापना भी देश के युवाओं को शोध के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए की गई है।
आधुनिक बनें, लेकिन अपनी जड़ों से जुड़े रहें
रक्षामंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि आधुनिक होना और अपनी जड़ों से जुड़े रहना दोनों एक साथ संभव हैं। आधुनिकता के दौर में परंपराओं की जड़ें ही हमें जमीन से जोड़े रखती हैं। अपनी जड़ों की ओर लौटने से न केवल पहचान मिलती है, बल्कि ज्ञान और नई खोजों की प्रेरणा भी मिलती है।
उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उनके हाथों में डिग्री है और सामने संभावनाओं से भरा संसार है। विद्यार्थियों के सपने केवल व्यक्तिगत नहीं हैं, बल्कि वे देश के सामूहिक सपनों का हिस्सा हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार युवाओं के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए अवसर और बेहतर व्यवस्था तैयार कर रही है।
डिग्री नहीं, कौशल और योग्यता बनाएंगे पहचान
राजनाथ सिंह ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि परिस्थितियां नहीं, बल्कि उनके प्रयास भविष्य तय करते हैं। नए रास्ते बनाने और उन पर अकेले चलने से भी डरना नहीं चाहिए। डिग्री केवल पहला अवसर दिला सकती है, लेकिन आगे की पहचान कौशल, सीखने की क्षमता, व्यावसायिक ज्ञान और योग्यता से बनती है।
उन्होंने कहा कि योग्यता से आत्मविश्वास पैदा होता है और आत्मविश्वास के बल पर ही जीवन की चुनौतियों का सामना किया जा सकता है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता पहचानकर उसी के अनुरूप भविष्य की दिशा तय करनी चाहिए।













