देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन पहुंचे भारत, जयशंकर के साथ पहली द्विपक्षीय बैठक की करेंगे सह-अध्यक्षता

 

नई दिल्ली। नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन रविवार को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। इस दौरान वे भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ विदेश मंत्रियों की पहली बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। बैठक में दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के साथ राजनीतिक, आर्थिक, व्यापारिक और तकनीकी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी।

 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें साझा कर बेरेंडसन के भारत पहुंचने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 22 और 23 नवंबर की इस यात्रा के दौरान होने वाली बैठक भारत-नीदरलैंड रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देगी।

 

2026-2030 के लिए बना रणनीतिक रोडमैप

 

भारत और नीदरलैंड के बीच इस वर्ष मई में रणनीतिक साझेदारी स्थापित करने पर सहमति बनी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटेन ने 16 मई को हेग में हुई बैठक के दौरान 2026-2030 के लिए पांच वर्षीय रणनीतिक रोडमैप अपनाया था। इसका उद्देश्य दोनों देशों के सहयोग को ठोस पहलों और समयबद्ध कार्ययोजनाओं के माध्यम से आगे बढ़ाना है।

 

इस रोडमैप में विदेश मंत्रियों के स्तर पर हर वर्ष बैठक आयोजित करने की व्यवस्था भी शामिल है, ताकि रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की जा सके और भविष्य के सहयोग की दिशा तय हो सके।

 

व्यापार से लेकर सेमीकंडक्टर तक सहयोग पर जोर

 

दोनों देशों के बीच व्यापार एवं निवेश, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि, जल प्रबंधन, स्वास्थ्य, दवा उद्योग और चिकित्सा प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाएं हैं। इसके अलावा सेमीकंडक्टर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), साइबर सुरक्षा, क्वांटम प्रौद्योगिकी और अनुसंधान एवं नवाचार को भी साझेदारी के प्रमुख क्षेत्रों में शामिल किया गया है।

 

हाल के महीनों में दोनों देशों के बीच आर्थिक और रक्षा सहयोग को लेकर भी बातचीत तेज हुई है। अक्टूबर में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने नीदरलैंड के कारोबारी प्रतिनिधियों के साथ निवेश, सह-विनिर्माण और तकनीकी सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की थी। वहीं, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने नीदरलैंड की राजदूत मारिसा गेरार्ड्स के साथ रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर बातचीत की थी।

 

सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के दौरान भी एस. जयशंकर और टॉम बेरेंडसन की मुलाकात हुई थी। दोनों नेताओं ने यूक्रेन संघर्ष और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीदरलैंड यात्रा के दौरान तय सहयोग के मुद्दों पर विचार साझा किए थे।

 

गौरतलब है कि भारत और नीदरलैंड के बीच वर्ष 1947 में राजनयिक संबंध स्थापित हुए थे। विज्ञान, प्रौद्योगिकी, जल प्रबंधन, कृषि और स्वास्थ्य के क्षेत्र में दोनों देशों का लंबे समय से सहयोग रहा है।

 

Author

Related Articles

Back to top button