ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

दो बजटों में 100 करोड़ का प्रावधान, फिर भी नहीं हुए ‘खेलो राजस्थान यूथ गेम्स’ : अशोक गहलोत

 

जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार पर बजट घोषणाओं को जमीन पर लागू नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने शनिवार को अपनी वीडियो सीरीज ‘बजट फाइल्स’ का दूसरा एपिसोड जारी करते हुए ‘खेलो राजस्थान यूथ गेम्स’ के आयोजन में देरी को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए। गहलोत ने कहा कि सरकार ने लगातार दो बजटों में इस खेल आयोजन के लिए कुल 100 करोड़ रुपये का प्रावधान घोषित किया, लेकिन अब तक एक भी प्रतियोगिता आयोजित नहीं हुई।

 

गहलोत ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी वीडियो में राज्य सरकार के बजट दस्तावेजों और सार्वजनिक रिपोर्टों का हवाला देते हुए कहा कि 1 जुलाई 2024 को पेश बजट के पैराग्राफ 66 में ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ की तर्ज पर प्रतिवर्ष ‘खेलो राजस्थान यूथ गेम्स’ आयोजित करने की घोषणा की गई थी। इसके तहत ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं कराने तथा पारंपरिक खेलों को भी शामिल करने का प्रस्ताव था। इसके लिए हर साल 50 करोड़ रुपये खर्च करने की बात कही गई थी।

 

दो बजटों में 100 करोड़, आयोजन का इंतजार

 

पूर्व मुख्यमंत्री के मुताबिक, फरवरी 2026 के बजट भाषण के पैराग्राफ 79 में भी इस पहल के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान घोषित किया गया। इस तरह दो बजटों में कुल 100 करोड़ रुपये की घोषणा के बावजूद खेल प्रतियोगिताएं शुरू नहीं हो सकीं।

 

गहलोत ने कहा कि युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर का इंतजार करते रह गए, जबकि सरकार फाइलों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में उलझी रही। जिस योजना का उद्देश्य जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देना और नई प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना था, वह बजट घोषणाओं तक ही सीमित रह गई।

 

कांग्रेस सरकार के खेल आयोजन का किया जिक्र

 

गहलोत ने अपनी पिछली सरकार के कार्यकाल में आयोजित ‘राजीव गांधी ग्रामीण और शहरी ओलंपिक’ का उल्लेख करते हुए दावा किया कि इसमें 50 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया था। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि घोषणाएं करने में सरकार पीछे नहीं रहती, लेकिन उन्हें धरातल पर उतारने में देरी हो रही है।

 

उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदेश के युवा खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं, तो सरकार आयोजन कराने में अब तक सफल क्यों नहीं हो पाई।

 

Author

Related Articles

Back to top button