गुजरात में दो भीषण सड़क हादसों में 10 की मौत, कच्छ में सेना के जवानों के परिवार उजड़े; जूनागढ़ में कार जलकर राख

अहमदाबाद। गुजरात में शनिवार रात और रविवार सुबह हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहला हादसा कच्छ में हुआ, जहां ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर में एक ही परिवार से जुड़े 7 लोगों की जान चली गई। मृतकों में महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल हैं। सभी उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से जुड़े थे। दूसरा हादसा जूनागढ़ जिले में हुआ, जहां तेज रफ्तार कार पलटने के बाद आग का गोला बन गई। इसमें 3 लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कृष्णा चूड़ासमा की जान बच गई।
कच्छ में ट्रक-कार की भिड़ंत, 3 महीने की बच्ची की भी मौत
कच्छ में शनिवार रात करीब 10 बजे ट्रक और कार के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के दो टुकड़े हो गए। कार में सवार सभी 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 2 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। इनमें महज 3 महीने की एक बच्ची भी थी।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग रण ऑफ कच्छ घूमने के बाद भुज लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर यह हादसा हो गया। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग मलबे में फंस गए। बचाव दल को शवों को बाहर निकालने में कई घंटे मशक्कत करनी पड़ी।
मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और तीन महीने की बेटी शिविका के रूप में हुई है। इनके अलावा राजेश सिंह रावत (35), उनकी 7 वर्षीय बेटी रक्षित, रिंकी गोसाईं (30) और उनकी 4 वर्षीय बेटी वामिका की भी मौत हो गई।
जूनागढ़ में कार पलटने के बाद लगी आग, 3 की मौत
दूसरा हादसा रविवार सुबह करीब 5 बजे जूनागढ़ जिले के केशोद-बालागाम रोड पर घामिडाना गांव के पास हुआ। जूनागढ़ से माधवपुर जा रही लाल रंग की स्विफ्ट कार तेज रफ्तार में मोड़ पर अनियंत्रित हो गई। सड़क किनारे पत्थर से टकराने के बाद कार पलट गई और उसमें आग लग गई।
कार में दो महिलाओं और दो पुरुषों सहित 4 लोग सवार थे। हादसे में दो पुरुषों और एक महिला की जलकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान नंदनी पोपट, डेनिस दिवराणिया और झलक मशरू के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 25 से 27 वर्ष के बीच बताई गई है।
शीशा टूटने से खेत में गिरीं कृष्णा, बची जान
कार में सवार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कृष्णा चूड़ासमा इस हादसे में बाल-बाल बच गईं। वह आगे की सीट पर बैठी थीं। टक्कर के दौरान कार का शीशा टूटने से वह उछलकर पास के खेत में जा गिरीं। उन्हें एंबुलेंस से केशोद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, आपातकालीन सेवा 112 और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस दोनों हादसों की जांच कर रही है।













