सीधी

सीधी नगर पालिका में बढ़ा विवाद: अध्यक्ष काजल वर्मा व उनके ससुर पर अभद्रता और अनैतिक दबाव के आरोप, कर्मचारियों ने दी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी….

सीधी नगर पालिका में बढ़ा विवाद: अध्यक्ष काजल वर्मा व उनके ससुर पर अभद्रता और अनैतिक दबाव के आरोप, कर्मचारियों ने दी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी….

 

सीधी। नगर पालिका परिषद सीधी में हाल ही में विवाद लगातार गहराता जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती काजल वर्मा एवं उनके ससुर श्री विनोद वर्मा पर अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने तथा उन पर कथित रूप से अनैतिक कार्यों का दबाव बनाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इस मामले को लेकर नगरपालिका कर्मचारियों ने प्रशासन को पत्र लिखकर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

 

नगर पालिका कर्मचारी इकाई अध्यक्ष बृजेश सिंह द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि अध्यक्ष और उनके ससुर द्वारा लगातार अधिकारियों/कर्मचारियों के साथ अपमानजनक व्यवहार किया जा रहा है। आरोप है कि जब कर्मचारी अनैतिक कार्यों से इंकार करते हैं, तो उनके खिलाफ झूठी शिकायतें दर्ज कराई जाती हैं ताकि उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा सके।

 

कर्मचारी संगठन ने यह भी आरोप लगाया है कि श्री विनोद वर्मा कभी-कभी कार्यालय में आकर कर्मचारियों पर अनुचित दबाव बनाते हैं और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी देते हुए साफ कहा है कि यदि इस मामले में प्रशासन द्वारा शीघ्र एवं कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होगा। हड़ताल की स्थिति में नगर पालिका की सभी मूलभूत एवं आवश्यक सेवाएं बंद की जा सकती हैं, जिससे शहरवासियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पत्र की प्रतिलिपि से जिला अध्यक्ष मध्यप्रदेश नगर पालिका/नगर निगम कर्मचारी संघ, आलोक सिंह को भी अवगत कराया गया है। कर्मचारी संगठन का कहना है कि यह मुद्दा अब केवल कर्मचारियों के सम्मान का नहीं, बल्कि शासकीय कार्यप्रणाली की निष्पक्षता से जुड़ा हुआ है।

Author

  • सुनील सोनी , " पोल खोल पोस्ट " डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के प्रधान संपादक और संस्थापक सदस्य हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष एवं जनसेवा भाव से समाचार प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं।

पोल खोल पोस्ट

सुनील सोनी , " पोल खोल पोस्ट " डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के प्रधान संपादक और संस्थापक सदस्य हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष एवं जनसेवा भाव से समाचार प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं।

Related Articles

Back to top button