सीधी

एनएच-39 के निर्माण में नाकामी छिपाने के लिए सांसद और मंत्री कर रहे हैं हवन–पूजन..

तंत्र–मंत्र और हवन से नहीं, बल्कि दृढ़ इच्छा शक्ति और ईमानदार प्रयासों से होता है विकास : ज्ञान…

एनएच-39 के निर्माण में नाकामी छिपाने के लिए सांसद और मंत्री कर रहे हैं हवन–पूजन..

सीधी
राष्ट्रीय राजमार्ग 39 सीधी–सिंगरौली मार्ग के निर्माण में लगातार हो रही देरी और जनता में गहराते आक्रोश के बीच भाजपा नेताओं ने अब विकास कार्यों की सफलता के लिए हवन–पूजन का सहारा ले लिया है।
इस पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने भाजपा पर जोरदार प्रहार करते हुए कहा जब काम न बने तो हवन ही सही…लगता है भाजपा के नेता अब सड़कों की जगह धुएँ से ही विकास का रास्ता दिखाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि सीधी के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री राधा सिंह द्वारा हाल ही में एनएच-39 के निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के नाम पर यज्ञ–हवन का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा के अनेक नेता उपस्थित रहे।
ज्ञान सिंह ने इसे जनता की आंखों में धूल झोंकने वाला नाटक बताते हुए कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं से भाग रहे हैं और अंधविश्वास का सहारा लेकर अपनी नाकामी छिपाने की कोशिश कर रहे हैं।

 

ज्ञान सिंह ने कटाक्ष करते हुए कहा कि- सीधी के सांसद महोदय खुद ‘मजबूर’ हैं जो प्रशासनिक बाधाएँ हैं, उन्हें हटाने में असमर्थ हैं, जबकि प्रदेश और केंद्र दोनों में भाजपा की सरकार है। एनएच-39 के लिए पर्याप्त बजट की व्यवस्था तक नहीं कर पाए, और अब जनता का ध्यान भटकाने के लिए यज्ञ–हवन में व्यस्त हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में सीधी–सिंगरौली मार्ग का निर्माण राजनीतिक उपेक्षा का शिकार हो गया है। रोजाना हजारों वाहन चालक, ग्रामीण, व्यापारी और विद्यार्थी इस जर्जर सड़क से गुजरते हुए परेशान हैं, लेकिन जनप्रतिनिधि केवल फोटो खिंचवाने और पूजा-पाठ करने में व्यस्त हैं।

 

कांग्रेस सरकार ने की थी सीधी सिंगरौली सड़क मंज़ूर, भाजपा ने रोका विकास

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने याद दिलाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सीधी–सिंगरौली सड़क निर्माण की मंजूरी दी थी और परियोजना के लिए आवश्यक बजट भी स्वीकृत किया गया था।
लेकिन जब से प्रदेश और केंद्र दोनों में भाजपा की सरकार आई है, तब से सीधी जिले के साथ सौतेला रवैया अपनाया जा रहा है।
ज्ञान सिंह ने कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने न तो परियोजना के लिए ठोस प्रयास किए, न ही केंद्र से पर्याप्त बजट लाने की पहल की। भाजपा सरकार के पास घोषणाएँ हैं, जुमले हैं, लेकिन जनता के लिए न नीयत है, न नीति। सीधी–सिंगरौली सड़क की दुर्दशा इसका ज्वलंत प्रमाण है।

 

सड़क की मांग को लेकर महिलाओं ने रोकी सांसद की यात्रा

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने सड़क की मांग और क्षेत्र के विकास को लेकर झोखो में ग्रामीण महिलाओं द्वारा सांसद की यात्रा रोकने पर कहा कि लोग अब भाजपा सरकार के आश्वासनों से ऊब चुके हैं उन्हें अब पुख्ता पहल चाहिए क्योंकि पिछले 20 वर्षों से भाजपा के जनप्रतिनिधि सिर्फ झूठे वादों से जनता को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं जनता जागरुक हो गई है और ग्रामीण महिलाओं द्वारा सड़क के लिए मंत्री और सांसद का रास्ता रोकना तो शुरुआत है आने वाले समय में प्रदेश की जनता इन्हें सत्ता से उखाड़ कर रहेगी।
ज्ञान सिंह ने कहा कि अब जनता का सब्र टूट चुका है। महिलाएँ, युवा और आम नागरिक सड़कों पर उतरकर भाजपा के नेताओं से जवाब मांग रहे हैं।
जनता के वोट से नेता बनने वाले अब जनता के सवालों से भाग रहे हैं लेकिन ये जनता सब जानती है आने वाले समय में यही महिलाएँ, यही युवा, और यही आमजन भाजपा को उसका माकूल जवाब देंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास के नाम पर केवल धार्मिक दिखावे कर रही है।
प्रदेश की जनता अब समझ चुकी है कि भाजपा की सरकार हवन–पूजन से विकास नहीं कर सकती। असली विकास दृढ़ इच्छा शक्ति, ईमानदार नीयत और जनसेवा की भावना से होता है, जो भाजपा में दिखाई नहीं देती।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि सीधी जिले का विकास मंत्र–तंत्र से नहीं, बल्कि कर्म–तंत्र से होगा। हम तब तक शांत नहीं बैठेंगे, जब तक सीधी–सिंगरौली सड़क पूरी तरह बन नहीं जाती और जिले को उसका हक नहीं मिल जाता।

Author

  • सुनील सोनी , " पोल खोल पोस्ट " डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के प्रधान संपादक और संस्थापक सदस्य हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष एवं जनसेवा भाव से समाचार प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं।

पोल खोल पोस्ट

सुनील सोनी , " पोल खोल पोस्ट " डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के प्रधान संपादक और संस्थापक सदस्य हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष एवं जनसेवा भाव से समाचार प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं।

Related Articles

Back to top button