जनजातीय गौरव दिवस: टमसार में जिला स्तरीय समारोह में उमड़ा जनसैलाब, बिरसा मुंडा की जयंती पर हुआ भव्य उत्सव।

जनजातीय गौरव दिवस: टमसार में जिला स्तरीय समारोह में उमड़ा जनसैलाब, बिरसा मुंडा की जयंती पर हुआ भव्य उत्सव।
अमित श्रीवास्तव पोल खोल
सीधी: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती समापन वर्ष के अवसर पर शुक्रवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टमसार के मैदान में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में क्षेत्रभर से आए जनप्रतिनिधियों, जनजातीय समुदाय, सामाजिक संगठनों और स्कूली बच्चों की भारी उपस्थिति रही, जिससे पूरा परिसर उत्सवमय दिखाई दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, संघर्ष और सामाजिक चेतना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आदिवासी समाज की पहचान, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।

वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि जनजातीय संस्कृति और परंपरा देश की असली विरासत है, जिसे संरक्षित करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन और समाज से जनजातीय संस्कृति के संरक्षण को गति देने की अपील की।
विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद रीती पाठक और विधायक विश्वामित्र पाठक ने भी बिरसा मुंडा को नमन करते हुए जनजातीय गौरव दिवस को आत्मसम्मान और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज हमेशा से प्रकृति, परंपरा और संघर्ष की मिसाल रहा है।
कार्यक्रम में , पूर्व विधायक शरदेंदु तिवारी, वरिष्ठ समाजसेवी देवकुमार सिंह, जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह, , पूजा सिंह, जनपद पंचायत कुसमी की अध्यक्ष श्यामवती सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता दर्ज कराई। सभी ने प्रशासन द्वारा जनजातीय संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की।
मंच पर प्रस्तुत जनजातीय नृत्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा स्थानीय कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनता को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रशासन की ओर से जिला कलेक्टर सीधी एसडीएम कुसमी सहायक संचालक दीपक निगम, संयोजक संजीव सिंह, सीईओ ज्ञानेन्द्र मिश्रा, परियोजना प्रशासक एस.एन. द्विवेदी, सीएम राइज प्राचार्य पी.के. पांडेय, बीआरसीसी अंगिरा द्विवेदी, सरपंच चेतना सिंह, सीता सिंह, तथा अन्य अधिकारियों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।













