भरतपुर में स्लीपर बस–ट्रेलर की भीषण टक्कर, मां-बेटे समेत 4 की मौत, 5 घायल

भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर जिले में आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सेवर पुल के पास बुधवार-गुरुवार की देर रात करीब 2:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। कासगंज (उत्तर प्रदेश) से जयपुर जा रही एक स्लीपर बस खड़े ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और अंदर फंसे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही सेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को तुरंत आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतकों के शव मोर्च्युरी में रखवाए गए हैं। परिजनों को सूचना दे दी गई है, उनके आने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा।
इस दर्दनाक हादसे में मथुरा (यूपी) के सतोवा निवासी गीता (38) पत्नी रामवीर और उनके 8 वर्षीय बेटे कान्हा की मौत हो गई। इसके अलावा बस चालक मुक्खन सिंह (28) निवासी कठूमर (अलवर) और मुस्लिम (40) निवासी कासगंज की भी जान चली गई। हादसे में पांच यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
बताया गया कि रामवीर पत्नी और बेटे के साथ खाटूश्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे में पत्नी और बेटे को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।













