मध्य प्रदेशसिंगरौली

सड़क दुर्घटना में घायल युवक ने कलेक्टर से आर्थिक सहायता और एम्बुलेंस दिलाने की अपील की, कलेक्टर ने लिया संज्ञान

सिंगरौली- सिंगरौली जिले के वैढ़न निवासी राजीव सोनी ने सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद कलेक्टर से नागपुर इलाज हेतु एम्बुलेंस और आर्थिक सहायता की अपील की थी। राजीव सोनी का कहना था कि 12 सितंबर 2024 को चितरंगी जाते समय ग्राम नौगई में उनकी दुर्घटना हुई थी, जिसमें उनकी गर्दन की हड्डी टूट गई और गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद उन्हें बी.एच.यू. ट्रामा सेंटर बनारस में इलाज चल रहा था, लेकिन डॉक्टर की गलती के कारण एक नस दबने से उन्हें पैरालाइसिस का सामना करना पड़ा।

राजीव सोनी ने बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें अब नागपुर में इलाज करने की सलाह दी है, लेकिन उनकी आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है। उनका कहना था कि उनके पास एम्बुलेंस का खर्च और इलाज के लिए धन नहीं है, क्योंकि उनके घर में अन्य कोई कमाने वाला सदस्य नहीं है।

राजीव सोनी की इस दयनीय स्थिति को देखते हुए सिंगरौली कलेक्टर ने संज्ञान लिया और तत्काल मदद की घोषणा की। कलेक्टर के आदेश पर, राजीव सोनी को भोपाल एम्स में इलाज के लिए भेजने की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई और एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की गई। कलेक्टर ने यह भी सुनिश्चित किया कि भोपाल एम्स में राजीव सोनी का इलाज नि:शुल्क किया जाएगा। यह कदम प्रशासन की ओर से एक सकारात्मक पहल है, जो मानवतावादी दृष्टिकोण से पीड़ितों की मदद करने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो सकता है।

 

Author

Related Articles

Back to top button