अच्छे व्यक्तित्व के साथ लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ना और जीना सीखें – डॉ राकेश पटेल…

अच्छे व्यक्तित्व के साथ लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ना और जीना सीखें – डॉ राकेश पटेल…
पूर्व छात्र परिषद द्वारा व्यक्तित्व विकास शिविर आयोजित…
विद्यार्थी जीवन में कुछ भी करने का जुनून होता है— डॉ० राकेश पटेल…
सीधी। सच्ची लगन, दृढ़ संकल्प और जिज्ञासु प्रवृत्ति छात्र को एक सुयोग्य नागरिक बनाती है। विद्यार्थी को अच्छे व्यक्तित्व एवं कृतित्व के साथ लक्ष्य निर्धारित कर भविष्य संवारने का कार्य करना चाहिए।
उक्त आशय के विचार जाने-माने मेडिसिन के डॉक्टर बिहान अस्पताल रीवा के संचालक और श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय रीवा के प्रोफेसर डॉ राकेश पटेल ने सरस्वती शिशु मंदिर पूर्व छात्र परिषद द्वारा आयोजित सरस्वती विद्यालय के हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी के छात्रों को संबोधित करते हुए कही।
थ्रो आउट टॉपर रहने वाले शिशु मंदिर के पूर्व छात्र डॉ पटेल ने व्यक्तित्व विकास में छात्र और मेडिकल चयन की पढ़ाई के विषय पर विस्तार से बताते हुए स्वयं के जीवन के अनुभव छात्रों के बीच शेयर किए।
60 मिनट के उद्बोधन में डाॅ पटेल ने कहा कि सभी छात्रों को अच्छा करियर बनाने के लिए लक्ष्य निर्धारित करने के पश्चात 15 से 16 घंटे की पढ़ाई अनिवार्य रूप से करना चाहिए। विषय को गहराई से समझे, शॉर्टकट से दूर रहे।
पीएमटी के टॉपर रहे डॉक्टर पटेल ने कहा कि संपूर्ण जीवन में हाई स्कूल और हाई सेकेंडरी टर्निंग पॉइंट होते हैं। एक में हम विषय का चयन करते हैं और दूसरे में अपने भविष्य का। पीएमटी और सीपीएमटी की तैयारी और आने वाले समस्याओं के समाधान के विषय में छात्र एवं छात्राओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों के जवाब भी दिए। जिसका छात्र एवं छात्राओं ने भरपूर लाभ लिया।
डॉ राकेश पटेल ने कहा कि स्कूल टाइम दुनिया में गोल्डन टाइम होता है। इस उम्र में कुछ भी करने का जुनून होता है। हम ऐसा काम करें कि एक अच्छा व्यक्तित्व वाला जीवन जी सकें । हमें वह विषय लेना चाहिए जिसे पढ़ने में आनंद मिले। मेडिकल फील्ड में अभी 36 कॉलेज हैं और नेक्स्ट ईयर में 50 होने वाले हैं। इसलिए मेडिकल फील्ड भी एक अच्छा चांस हो सकता है। यदि हम थोड़ा सा मेहनत कर ले तो मेडिकल टेस्ट आसानी से निकाल सकते हैं। जिंदगी बहुत छोटी है। कभी भी जीवन में कुंठा नहीं पालना चाहिए। हमें जिस काम में मजा आए वही कार्य करना चाहिए, तभी हम अपना नाम कमा सकते हैं। लड़कियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि हमें समानता का अधिकार चाहिए, तो हमें सेल्फ डिपेंडेंट होना चाहिए अन्यथा समानता का अधिकार बेमानी हो जाएगी।
प्राचार्य राजकुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि डॉक्टर राकेश पटेल सरस्वती विद्या मंदिर बैढ़न के पूर्व छात्र हैं, जो विद्यार्थी जीवन से ही टॉपर रहे हैं। अपने प्रथम प्रयास में ही एमडी की परीक्षा पास कर आज मेडिसिन के क्षेत्र में नाम कमा रहे हैं। डॉक्टर पटेल द्वारा छात्रों को दिया गया मार्गदर्शन निश्चित रूप से उनके उज्जवल भविष्य के लिए सहभागी होगा।
कार्यक्रम के संयोजक वरिष्ठ समाजसेवी भारत स्काउट गाइड के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र मणि दुबे ने व्यक्तित्व विकास शिविर की संकल्पना छात्रों के समक्ष रखी। कार्यक्रम संयोजक श्री दुबे ने कहा कि यह व्यक्तित्व विकास शिविर चार दिनों तक चलेगा, जिसमें मेडिसिन, ब्यूरोक्रेट्स, वैज्ञानिक, गणित, विज्ञान, कॉमर्स और कला क्षेत्र के विषय विशेषज्ञ छात्रों का मार्गदर्शन करेंगे।
पधारे हुए अतिथियों का आभार प्रदर्शन पूर्व छात्र परिषद के जिला संयोजक, स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष और विश्वविद्यालय कार्य परिषद के सदस्य डॉक्टर अजय मिश्रा के द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से विद्यालय के व्यवस्थापक द्वारिका प्रसाद गुप्ता सहित समस्त आचार्य एवं दसवीं तथा बारवीं के भैया बहनों की उपस्थित रहे।













