स्कूल की बदहाल व्यवस्था पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार का सवाल,बच्चों के भविष्य पर संकट

सिंगरौली। बुधवार को सिंगरौली दौरे पर पहुंचे मध्य प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने देवसर विकासखंड के गजरा बहरा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया, जहां की अव्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त की। सिंगार ने कहा कि बच्चों के पास न पर्याप्त सुविधाएँ हैं, न स्वच्छ वातावरण, और कई छात्र बिना पूरी यूनिफॉर्म के ही स्कूल आने को मजबूर हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कोयला खदानों से बढ़ता प्रदूषण बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर गंभीर असर डाल रहा है। सिंगार ने सवाल उठाया कि जब शिक्षा के लिए हर साल करोड़ों रुपये का बजट जारी होता है तो वह जमीन पर क्यों नहीं दिखता?
नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से मांग की कि शिक्षा बजट का हर पैसा सीधे बच्चों की भलाई, स्कूलों के विकास और जरूरी सुविधाओं पर खर्च होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे ही अंधकार में पले-बढ़ेंगे तो देश उजाला कैसे देख सकेगा।













