जिला स्तरीय ‘जादू नहीं विज्ञान है प्रतियोगिता में शाहपुर के छात्रों का शानदार प्रदर्शन

सिंगरौली।जिला स्तरीय ‘जादू नहीं विज्ञान है प्रतियोगिता में शासकीय हाई स्कूल शाहपुर के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। विद्यालय के कक्षा 10 के छात्र अनुपम सेन और अर्जुन नाई ने विज्ञान के प्रयोग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
गौरतलब है कि दो दिवस पूर्व विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री प्रभाकर दुबे द्वारा विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया था। उन्हीं चयनित विद्यार्थियों ने आज जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चितरंगी और देवसर विकासखंड के चयनित विद्यार्थियों ने चार विधाओं—विज्ञान नाटिका, प्रश्न मंच, विज्ञान के प्रयोग एवं विज्ञान गीत—में प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।कार्यक्रम का आयोजन जिले की जिला विज्ञान अधिकारी श्रीमती जितेंद्र कौर थापर एवं जिला स्तरीय उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य श्री पारसनाथ दुबे के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
उल्लेखनीय है कि विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी शासकीय हाई स्कूल शाहपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया था, जहां विज्ञान नाटिका एवं विज्ञान गीत प्रतियोगिताओं में विद्यालय को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती थापर मैडम ने विद्यार्थियों अनुपम, अर्जुन, साकिब, बिंदिया, अल्पना, रेखा, तारा और रिया को बधाई दी।साथ ही विज्ञान शिक्षक शरद कुमार पाण्डेय, अर्चना मिश्रा, पारुल तिवारी एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ के सहयोग से विद्यार्थियों ने यह सफलता हासिल की।विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।











