कर्ज के बोझ ने उजाड़ा पूरा परिवार: पिता ने तीन मासूम बेटियों संग फांसी लगाकर दी जान

मुजफ्फरपुर।बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सकरा थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया गांव में गोपी कार बाजार के पास स्थित एक घर से एक ही परिवार के चार लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के अंदर पिता और उसकी तीन नाबालिग बेटियां फंदे से लटकी हुई मिलीं।
मृतक की पहचान अमरनाथ राम (36) के रूप में हुई है। उनके साथ उनकी बेटियां अनुराधा कुमारी (12), शिवानी कुमारी (11) और राधिका कुमारी (8) की भी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, अमरनाथ राम लंबे समय से कर्ज और आर्थिक तंगी से परेशान थे। परिवार की जिम्मेदारियों और बढ़ते दबाव के चलते वे मानसिक तनाव में थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू की जांच की जा रही है। प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।













