ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशरीवा

पूर्व सांसद व राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रखर चेहरा डॉ. रामविलास वेदांती महाराज का निधन

कथावाचन के बीच बिगड़ी तबीयत, सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में ली अंतिम सांस

रीवा।पूर्व सांसद और सुप्रसिद्ध कथावाचक डॉ. रामविलास वेदांती महाराज का सोमवार को रीवा के सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में उपचार के दौरान दुखद निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे रीवा जिले में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल परिसर में उनके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं और समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी।

जानकारी के अनुसार डॉ. वेदांती महाराज विनोद लाल गांव के समीप स्थित भटवा गांव में श्रीराम कथा का वाचन कर रहे थे। यह कथा 17 दिसंबर तक प्रस्तावित थी। कथा के दौरान ही उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द और घबराहट महसूस हुई। हालत बिगड़ते देख सहयोगियों और आयोजकों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए रीवा के सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ले ली।

डॉ. रामविलास वेदांती महाराज को राम जन्मभूमि आंदोलन के अग्रणी संत नेताओं में गिना जाता था। उन्होंने अयोध्या से सांसद रहते हुए संसद से लेकर सड़कों तक राम मंदिर निर्माण के लिए आवाज बुलंद की। संत समाज और राम भक्तों के बीच उनकी विशेष पहचान थी। उनके निधन को संत समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, मध्य प्रदेश से उनका पार्थिव शरीर थोड़ी देर में अयोध्या ले जाया जाएगा। अयोध्या में अंतिम दर्शन के बाद विधि-विधान से उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन पर संतों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Author

Related Articles

Back to top button