देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

जली कार में बोरे में बंद मिला बैंक रिकवरी एजेंट का शव, जिंदा जलाने की आशंका

लातूर। महाराष्ट्र के लातूर जिले में एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। औसा तालुका के वानवडा रोड पर देर रात एक जली हुई कार के भीतर से बोरे में बंद एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान आईसीआईसीआई बैंक के रिकवरी एजेंट गणेश चव्हाण (निवासी औसा तांडा) के रूप में हुई है।

पुलिस की शुरुआती जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे बेहद खौफनाक हैं। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने पहले गणेश चव्हाण को बोरे में बांधा और फिर कार के अंदर डालकर जिंदा जला दिया। इस नृशंस हत्याकांड से न सिर्फ इलाके के लोग सन्न हैं, बल्कि पुलिस भी कई सवालों के घेरे में मामले की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रात के समय डायल 112 पर सूचना मिली कि वानवडा रोड पर एक कार धू-धू कर जल रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के बाद जब कार की तलाशी ली गई तो अंदर बोरे में बंद जला हुआ शव मिला, जिसे देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने में जुटी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या के पीछे किसी प्रकार की पुरानी रंजिश, बैंक रिकवरी से जुड़ा विवाद या पैसों के लेन-देन का मामला तो नहीं है।

फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

Author

Related Articles

Back to top button