देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

मोरटक्का नर्मदा पुल पर भीषण हादसा: हाईवा की टक्कर से कार नदी में गिरी, एक और कार चपेट में

खंडवा।मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में इंदौर–ऐदलाबाद नेशनल हाईवे पर स्थित मोरटक्का नर्मदा पुल पर रविवार–सोमवार की दरमियानी रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। राखड़ से भरा एक बेकाबू हाईवा दो कारों को टक्कर मारते हुए पुल की रेलिंग तोड़कर आधा लटक गया, जबकि एक कार सीधे करीब 50 फीट नीचे नर्मदा नदी में जा गिरी। हादसे के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जानकारी के अनुसार, रात करीब एक बजे इंदौर से खंडवा की ओर जा रहे 25 वर्षीय संजय दंगोड़े (निवासी मोहन अटूट) की कार को तेज रफ्तार हाईवा ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार रेलिंग तोड़ते हुए नर्मदा नदी में जा गिरी। गनीमत रही कि उस समय नदी में मौजूद मछुआरों ने तत्परता दिखाते हुए कार चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

इसी दौरान पीछे से आ रही एक अन्य कार, जिसमें छनेरा के फिलगुड चौराहा निवासी 25 वर्षीय सचिन मीणा सवार थे, वह भी हाईवा की चपेट में आ गई। इस कार में सवार तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, हादसे की एक बड़ी वजह हाईवा चालक को झपकी आना बताई जा रही है।

हादसे के बाद हाईवा पुल की रेलिंग तोड़ते हुए आधा लटक गया, जिससे नर्मदा पुल पर आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। सूचना मिलते ही मोरटक्का चौकी पुलिस, बड़वाह थाना पुलिस और नाविक मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर नदी में गिरी कार को बाहर निकाला गया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर घंटों बाद यातायात बहाल किया गया।

गौरतलब है कि संभाग आयुक्त द्वारा नर्मदा पुल से भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है, लेकिन हाईवे निर्माण कार्य के लिए राखड़ और अन्य सामग्री ढोने वाले भारी वाहनों को छूट दी गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसी छूट के चलते आए दिन यहां हादसे हो रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Author

Related Articles

Back to top button