देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

चेन्नई में इतिहास रचा: भारत पहली बार स्क्वॉश वर्ल्ड कप चैंपियन

हॉन्ग कॉन्ग को फाइनल में 3-0 से हराया, अनाहत सिंह ने दिलाई निर्णायक जीत

चेन्नई।भारतीय खेल इतिहास में रविवार का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया। चेन्नई के एक्सप्रेस एवेन्यू मॉल में खेले गए स्क्वॉश वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हॉन्ग कॉन्ग को करारी शिकस्त दी और पहली बार विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। घरेलू दर्शकों के सामने मिली इस ऐतिहासिक जीत ने भारतीय स्क्वॉश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया।

खिताबी मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा शुरुआत से ही साफ नजर आया। महिला सिंगल्स में अनुभवी स्टार जोशना चिनप्पा ने अपने अनुभव का पूरा फायदा उठाते हुए वर्ल्ड नंबर 37 ली का यी को 3-1 से हराया। इस जीत के साथ भारत ने फाइनल में 1-0 की बढ़त बना ली।

इसके बाद पुरुष सिंगल्स में भारत के शीर्ष खिलाड़ी अभय सिंह ने कोर्ट संभाला। अभय ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए एलेक्स लाउ को सीधे सेटों में 3-0 से मात दी और भारत को 2-0 की निर्णायक बढ़त दिला दी। इसके बाद सारा दबाव हॉन्ग कॉन्ग टीम पर आ गया।

भारत की ऐतिहासिक जीत पर अंतिम मुहर 17 वर्षीय युवा सनसनी अनाहत सिंह ने लगाई। निर्णायक मुकाबले में अनाहत ने वर्ल्ड नंबर 31 टोमाटो हो को 3-0 से हराकर भारत को खिताब दिला दिया। इस जीत के बाद चौथे मुकाबले की जरूरत ही नहीं पड़ी और पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा।

पूरे टूर्नामेंट में दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय टीम अजेय रही। ग्रुप चरण में स्विट्जरलैंड और ब्राजील को 4-0 से हराने के बाद भारत ने नॉकआउट में दक्षिण अफ्रीका और सेमीफाइनल में दो बार की चैंपियन मिस्र को 3-0 से मात दी। इस जीत के साथ भारत ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और मिस्र के बाद स्क्वॉश वर्ल्ड कप जीतने वाला चौथा देश बन गया है। लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 से पहले यह जीत भारतीय स्क्वॉश के लिए मील का पत्थर मानी जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button